सोनभद्र , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के मांची थाना क्षेत्र में मंगलवार को परवा नाले में पिकनिक मनाने गए तीन किशोर अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर बह गए। हादसे में एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मिला और एक अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चड़गड़ा गांव निवासी बबलू (18), पुत्र मुमताज, अलीहसन (6), पुत्र मुमताज और सुकतार (18), पुत्र कैमुद्दीन गांव के समीप स्थित परवा नाले में पिकनिक मनाने गए थे। दोपहर करीब दो बजे तीनों नाले में नहा रहे थे, तभी क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। इसके चलते पहाड़ियों से अचानक पानी का तेज बहाव नाले में आ गया और तीनों उसकी चपेट में आकर बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे बाद बबलू गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। लगभग दो घंटे बाद सुकतार का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अलीहसन का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुकतार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लापता किशोर की तलाश पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित