सोनभद , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग छात्राओं के साथ अशोभनीय एवं आपराधिक कृत्य करने के मामले में एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी बच्चों से जानकारी लेने के बाद सरकारी शिक्षक टीपू सुल्तान (34) को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को बताया की दो दिन पहले शुक्रवार को कोन थाना पर अभिभावकों ने तहरीर देकर बताया की प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती कुड़वा में तैनात शिक्षक ने विधालय बंद होने के उपरांत कार्यालय कक्ष में नाबालिग छात्राओं को बुलाकर उनके साथ दुष्कर्म के प्रयास व लैंगिक अपराध जैसे अशोभनीय एवं आपराधिक कृत्य करने का प्रयास किया गया है।

पुलिस ने तुरंत सरकारी शिक्षक के खिलाफ पास्को एक्ट व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच में जुट गई। जांच के बाद पुलिस टीम आरोपी शिक्षक के गिरफ्तारी के लिए प्रयास में लगी थी।

आज मुखबिर की सूचना पर कोन थाना पुलिस टीम ने आरोपी शिक्षक निवासी ग्राम रामगढ़, थाना पन्नूगंज को तिलगुड़वा मोड़, कस्बा कोन से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित