सोनभद्र , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने डंडे व टंगारी से मार कर अपनी पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने सोमवार को बताया कि आज शाहगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि राजपुर गांव निवासी राम दुलारी की मृत्यु हो गई है। पुलिस टीम फोरन राजपुर पहुंच कर जांच में जुट गई। जांच में पता चला कि रविवार को एक बजे राम दुलारी अपने पति मुन्ना कोल के साथ गुरदह जंगल से अपने घर राजपुर आने के लिए निकले थे। लगभग एक बजे जंगल में दोनों में विवाद हुआ जिस पर मुन्ना ने अपने पत्नी पर डंडा ल टंगारी से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी।

मुन्ना कोल नशे में था वह भी वही बैठ गया। शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिजन उन्हें खोजने के लिए निकले। रात आठ बजे परिजनों ने जंगल में दोनों को देखा तो हतप्रभ रह गए। परिजनों ने फौरन गंभीर रूप से घायल राम दुलारी को अस्पताल भेजवाया और मुन्ना कोल को घर ले आए। आज सुबह राम दुलारी की मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित