सोनभद्र , मई 6 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में अग्रवाल मार्केट स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को सुबह एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चोपन नगर के अग्रवाल मार्केट में स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक कुएं से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने कुएं के अंदर देखा तो एक व्यक्ति का शव कुएँ मे पानी में दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल लोगो द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है जिसके कारण उसकी पहचान करने मे मुश्किल हो रही है। मृतक पैंट-शर्ट पहने हुए था। पुलिस को शव की तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित