सोनभद्र , जून 25 -- सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वाहन जांच अभियान के दौरान ओड़िशा से रायबरेली ले जाया जा रहा करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि बीती रात चोपन थाना पुलिस एवं एसओजी टीम वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर मितापुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो कारों से मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद एक इनोवा और एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों वाहन चालक तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर गांधी आश्रम के सामने सलखन क्षेत्र में दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से पांच प्लास्टिक की बोरियों में रखा कुल एक क्विंटल 42 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से मो. जावेद निवासी बरगदी मगठ, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ तथा अनुज कुमार मौर्य निवासी टिकरा, थाना गुरुबक्शगंज, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे रायबरेली निवासी अपने सहयोगी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य के साथ मिलकर ओड़िशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आपूर्ति करते थे। इसके बदले उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ मिलता था। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के मालिकों को भी किराया दिया जाता था।
एसपी ने बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध चोपन थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित