सोनभद्र , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि महेंद्र गुप्ता ने बीती रात अपनी पत्नी आशा देवी (42) की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना के बाद परिजन महिला को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और पारिवारिक विवाद के चलते उत्तेजित होकर उसने पत्नी का गला दबा दिया। मृतका और आरोपी की शादी को 25 वर्ष से अधिक समय हो चुका था। दंपती की दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी भी हो चुकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित