भिण्ड , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड और दतिया जिले में हुई बारिश के बाद लहार अनुभाग के आलमपुर से होकर बहने वाली सोनभद्रिका नदी फिर उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से छत्रीबाग के पास नदी किनारे बने एक घर, नगर परिषद के सार्वजनिक शौचालय और देवी अहिल्याबाई गार्डन तक पानी पहुंच गया है। मंगलवार को बारिश नहीं होने के बावजूद नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था।

नदी का पानी निचली बस्तियों की ओर बढ़ रहा है। वार्ड क्रमांक 11 में निचले हिस्से तक पानी पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के नालों की निकासी प्रभावित हुई है, जिससे गलियों में जलभराव की आशंका बनी हुई है। फिलहाल निचली बस्तियों में कोई बड़ा खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन जलस्तर और बढ़ने पर कई घरों के पानी की चपेट में आने की आशंका है। नदी किनारे और निचली बस्तियों में रहने वाले लोग बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित हैं।

आलमपुर में पिछले तीन-चार दिनों से बारिश हो रही है, हालांकि तेज बारिश नहीं हुई है। बताया गया है कि दतिया जिले में हुई बारिश के कारण सोनभद्रिका नदी का जलस्तर बढ़ा है। जलस्तर बढ़ने से आलमपुर का पुराना पुल डूब गया है। आलमपुर-खिरिया मार्ग पर बना पुल भी पिछले तीन दिनों से पानी में डूबा हुआ है।

आलमपुर के पास नरौल और देवरी गांव के बीच सोनभद्रिका नदी पर बना रपटा भी पानी में डूब गया है। पास के जौरी गांव का रपटा भी कई दिनों से जलमग्न है। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है और गांव के लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित