पीलीभीत , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में सोमवार रात टेबल फैन में करंट उतर आने से उसकी चपेट में आए अधेड़ दंपति की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के मीरपुर हेमूपुरा गांव निवासी हरिशंकर कुशवाहा (52) और उनकी पत्नी कमला देवी (50) गांव के तिराहे पर बने मकान में अकेले रहते थे। सोमवार रात हरिशंकर एक विवाह समारोह से लौटने के बाद पत्नी के साथ सो गए थे।

मंगलवार सुबह उनका पुत्र संत कुमार मकान के अगले हिस्से में स्थित परचून की दुकान खोलने पहुंचा तो उसने कमरे में दोनों को मृत अवस्था में पड़ा देखा। कमला देवी के चेहरे से टेबल फैन चिपका हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि रात के समय टेबल फैन में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दंपति की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर बिलसंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।

थाना प्रभारी जगदीप मलिक ने बताया कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 'कृषक दुर्घटना बीमा' योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित