चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरों की धमकियों के कारण भय का माहौल है। व्यापारियों , चिकित्सकों , जनप्रतिनिधियों समेत कई लोगों को धमकियां मिल रही हैं और अनेक लोग पुलिस सुरक्षा मांग रहे हैं। सुरक्षा मांगने वालों की बढ़ती संख्या सरकार की विफलता का संकेत है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि हरियाणा पुलिस में स्वीकृत पदों में से करीब 30 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। विभाग में 25 हजार से अधिक पद रिक्त हैं, जिनमें करीब 14 हजार कांस्टेबल के पद शामिल हैं। पुलिस बल की कमी से कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है और अपराधों की रोकथाम व जांच प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 5600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन यह मौजूदा जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। सभी रिक्त पदों को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से भरा जाना चाहिए। बढ़ती आबादी, साइबर अपराध, नशा तस्करी और संगठित अपराध को देखते हुए पुलिस के नए पद भी स्वीकृत किए जाने चाहिए।
सुश्री सैलजा ने कहा कि गैंगस्टर नेटवर्क, फिरौती, अवैध हथियार और नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री को पंजाब की राजनीति के बजाय हरियाणा की कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा सरकार का पहला संवैधानिक दायित्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित