मुंबई , अगस्त 17 -- अभिनेत्री सैयामी खेर और फिल्मकार विक्रम फडनीस ने अपनी फिल्म 'पल भर के लिए' के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) 2026 में शिरकत की।फिल्म में ताहिर राज भसीन और विनीत कुमार सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों ने पूरी टीम का जोरदार स्टैंडिंग ओवेशन के साथ स्वागत किया। वर्ल्ड प्रीमियर को दर्शकों की ओर से भावुक और गर्मजोशी भरी प्रतिक्रिया मिली।

सैयामी के लिए आईएफएफएम में वापसी खास रही। वह इससे पहले वर्ष 2023 में अपनी फिल्म 'घूमर' के साथ इस समारोह में शामिल हुई थीं। 'घूमर' आईएफएफएम 2023 की ओपनिंग फिल्म थी। 'पल भर के लिए' के साथ सैयामी एक बार फिर इस प्रतिष्ठित फिल्म समारोह का हिस्सा बनीं।

प्रीमियर के मौके पर सैयामी ऑफ-व्हाइट रंग के गाउन में नजर आईं। वहीं, फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखने वाले विक्रम फडनीस भी उनके साथ प्रीमियर में शामिल हुए। यह फिल्म पहली बार अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रदर्शित की गई।

सैयामी ने कहा कि आमतौर पर अभिनेता कहते हैं कि कोई किरदार उनकी जिंदगी बदल देता है, लेकिन इस किरदार ने वास्तव में उन्हें एक इंसान के तौर पर बदला और उन पर गहरा असर डाला। उन्होंने इस किरदार और फिल्म के लिए विक्रम फडनीस का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि फिल्म पूरी तरह विक्रम की है और हर किरदार उनका है। उन्होंने केवल उनके विजन पर भरोसा किया और फिल्म को पर्दे पर जीवंत करने के लिए खुद को उनके दृष्टिकोण के प्रति पूरी तरह समर्पित कर दिया।

'पल भर के लिए' के वर्ल्ड प्रीमियर और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी यात्रा की शुरुआत की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित