रायपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026-27 के लिए प्रदेश की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। संघ की चयन समिति ने 16 सदस्यीय दल का चयन करते हुए विकल्प तिवारी को कप्तान नियुक्त किया है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को उत्तराखंड के खिलाफ करेगा।
शनिवाार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार चयनित टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को अवसर दिया गया है। अजय मंडल, अमनदीप खरे, आयुष पांडे, जयंत यादव और धर्मेंद्रसिंह जडेजा जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, राहुल प्रधान और शशांक चंद्राकर को विकेटकीपर के रूप में चुना गया है।
छत्तीसगढ़ की 16 सदस्यीय टीम में अजय मंडल, विकल्प तिवारी (कप्तान), अमनदीप खरे, आयुष पांडे, भारत गोदवानी, देव आदित्य सिंह, धर्मेंद्रसिंह जडेजा, जयंत यादव, प्रतीक यादव, राहुल प्रधान, रुद्र प्रताप देहारी, संगीत सोनी, संदीप वॉरियर, शशांक चंद्राकर, शुभम अग्रवाल और सौरभ मजूमदार शामिल हैं। इनमें धर्मेंद्रसिंह जडेजा, जयंत यादव और शशांक चंद्राकर को प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में टीम में स्थान दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित