पटना , मार्च 06 -- केंद्र सरकार ने देश के कई राज्यों में राज्यपालों और उपराज्यपालों के पदों पर बड़ा फेरबदल करते हुये बिहार के वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान की जगह अब सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया है।
सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी रहे हैं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सैयद अता हसनैन विभिन्न शैक्षणिक और रणनीतिक संस्थानों से जुड़े रहे। वर्ष 2018 में उन्हें केंद्रीय विश्वविद्यालय, कश्मीर का कुलाधिपति नियुक्त किया गया था। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका मजबूत शैक्षणिक आधार रहा है। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में ब्रिटेन के किंग्स कॉलेज, लंदन से भी उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
केंद्र सरकार की ओर से किये गये इस फेरबदल के तहत बिहार के अलावा हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, नागालैंड, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केरल के राज्यपालों में भी बदलाव किया गया है। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और दिल्ली के उपराज्यपालों को भी बदला गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित