वाशिंगटन , मार्च 04 -- चैटजीपीटी की मूल कंपनी ओपन एआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने स्वीकार किया है कि अमेरिकी रक्षा विभाग (डीओडब्ल्यू) के साथ सौदा 'अवसरवादी और लापरवाही' भरा लग रहा था और अब अब कंपनी इस विवादास्पद सौदे में संशोधन कर रही है।

इस सौदे के बाद यह डर पैदा हो गया था कि सैन फ्रांसिस्को स्थित इस कंपनी की एआई का उपयोग घरेलू स्तर पर उपभोक्ताओं की निगरानी के लिए किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने सोमवार रात स्पष्ट किया कि स्टार्टअप अपनी तकनीक को इस उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करने से स्पष्ट रूप से रोक लगाएगा।

पेंटागन द्वारा अपने मौजूदा एआई साझेदार 'एंथ्रोपिक' को हटाए जाने के तुरंत बाद ओपनएआई ने यह सौदा किया था। एंथ्रोपिक ने इस बात पर जोर दिया था कि घरेलू निगरानी के लिए इन प्रणालियों का उपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एंथ्रोपिक की आलोचना की और संघीय सरकार को इसकी तकनीक का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया।

ओपनएआई के इस कदम का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और रेडिट पर भारी विरोध हुआ और 'डिलीट चैटजीपीटी' अभियान शुरू हो गया। इस बीच, एंथ्रोपिक द्वारा बनाए गए चैटबॉट 'क्लाउड' की लोकप्रियता में भारी उछाल देखा गया और वह एप्पल के ऐप स्टोर चार्ट में चैटजीपीटी से ऊपर निकल गया।

ओपनएआई और गूगल के लगभग 900 कर्मचारियों ने एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर कर अपने प्रबंधन से रक्षा विभाग को निगरानी के लिए अपने उत्पादों का उपयोग करने की अनुमति न देने का आह्वान किया है। पत्र में कहा गया है कि अमेरिकी सरकार कंपनियों के बीच डर पैदा कर उन्हें विभाजित करने की कोशिश कर रही है।

इस बीच, रक्षा विभाग द्वारा एंथ्रोपिक को 'आपूर्ति के लिए खतरनाक' घोषित किए जाने के बाद अमेरिकी कैबिनेट स्तर की तीन अन्य एजेंसियों विदेश, ट्रेजरी और स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभागों ने भी एंथ्रोपिक के एआई उत्पादों का उपयोग बंद करने का कदम उठाया है।

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के फैसले के बाद श्री ट्रंप ने सभी सरकारी एजेंसियों को एंथ्रोपिक का उपयोग चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का आदेश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित