मुंबई , अगस्त 06 -- अभिनेत्री सोहा अली खान और उनकी बहन सबा अली खान ने सैफ अली खान और अमृता सिंह की शादी से जुड़ी एक दिलचस्प याद साझा की है। दोनों बहनों ने बताया कि उन्हें अपने भाई सैफ की शादी के बारे में परिवार से नहीं, बल्कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान पता चला था।

सोहा अली खान और सबा अली खान इस सप्ताह अभिनेत्री नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'नेहा और अंगद्स डबल डेट' में नजर आएंगी। शो के दौरान बातचीत में दोनों बहनों ने बताया कि जब सैफ अली खान और अमृता सिंह की शादी हुई थी, तब वे दोनों स्कूल में थीं और शादी अचानक तय होने के कारण वे समारोह में शामिल नहीं हो सकीं।

सबा अली खान ने उस दौर को याद करते हुए कहा, "जब उनकी शादी हुई, तब हम स्कूल में थे।" वहीं सोहा ने भी कहा कि उस समय वह भी स्कूल में ही थीं।

सबा ने बताया कि शादी की खबर मीडिया में आने के बाद स्कूल प्रशासन ने उन्हें सावधान रहने को कहा था। उन्होंने कहा, "हमें प्रिंसिपल ऑफिस से फोन आया और कहा गया कि आप लोग किसी को कुछ नहीं बताएंगे, क्योंकि हमें नहीं पता था कि खबर कितनी सच है। लेकिन वह पहले ही खबरों में आ चुकी थी, इसलिए हमें किसी से इस बारे में बात न करने के लिए कहा गया।"जब नेहा धूपिया ने पूछा कि क्या वे दोनों बहनें सैफ और अमृता की शादी में शामिल नहीं हुई थीं, तो सोहा ने बताया कि शादी बहुत जल्दबाजी में तय हुई थी। उस समय दोनों बहनें स्कूल में थीं और उन्हें शादी में शामिल होने का मौका नहीं मिल पाया।

सैफ अली खान और अमृता सिंह की शादी बॉलीवुड की चर्चित शादियों में शामिल रही है। सोहा और सबा की यह याद पटौदी परिवार की निजी जिंदगी से जुड़ा एक अनोखा पहलू सामने लाती है, जहां उन्हें भी इस बड़े पारिवारिक फैसले की जानकारी अचानक मिली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित