हनुमानगढ़ , मई 04 -- राजस्थान में तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ की तिजारा में की गयी एक विवादास्पद टिप्पणी से नाराज सैन समाज ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए हनुमानगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा।

सैन समाज समिति के अध्यक्ष देवीलाल भाटी ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि हाल ही में तिजारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जायजा लेते समय विधायक बालकनाथ ने एक अधिकारी से सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसे सैन समाज के प्रति अपमानजनक माना जा रहा है। श्री भाटी ने कहा कि यह बयान सिर्फ एक अधिकारी को नहीं, बल्कि पूरे समाज की वर्षों की मेहनत, सेवा और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।

सामाजिक समरसता न्याय मंच के मोहनलाल ने इस घटना को और गंभीरता से रेखांकित करते हुए कहा कि बयान कैमरों के सामने और सार्वजनिक मंच पर दिया गया। उन्होंने कहा कि सैन समाज एक सम्मानित, परिश्रमी और समाज-सेवी समुदाय है। हमने हमेशा मेहनत और लगन से अपनी जगह बनाई है। किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना न सिर्फ अनुचित है, बल्कि पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से न केवल एक व्यक्ति का अपमान हुआ, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से सामाजिक सौहार्द को गहरा नुकसान पहुंचता है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लिया जाए और विधायक के खिलाफ उचित कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित