हिसार , मई 11 -- हरियाणा के हिसार में जिला सैन सभा ने संगठन में शिक्षा और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सभा के प्रधान, महासचिव, उप-प्रधान, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष सहित सभी प्रमुख पदों पर चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य होगा। यह निर्णय आयोजित बैठक में प्रधान राममेहर हरिकोट और महासचिव नरेश सेलपाड़ की अध्यक्षता में लिया गया।

सभा के संरक्षक डॉ. राजकुमार दिनोदिया ने बताया कि यह फैसला हरियाणा में पंचायती राज चुनावों में लागू शैक्षणिक योग्यता की तर्ज पर लिया गया है। उनका कहना है कि डिजिटल और आधुनिक दौर में समाज के नेतृत्वकर्ताओं का शिक्षित होना जरूरी है, ताकि वे सरकारी योजनाओं, बजट प्रबंधन और डिजिटल कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकें। हालांकि सदस्य या वोटर बनने के लिए किसी शैक्षणिक योग्यता की आवश्यकता नहीं होगी। सलाहकार और शोभित पदों पर कम पढ़े-लिखे लोगों को भी जिम्मेदारी दी जा सकेगी।

बैठक में समाज की कार्यप्रणाली को अधिक अनुशासित और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया। भविष्य में बैठकों में अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सदस्यता दोबारा खोलने, पुराने सदस्यों से 100 रुपये वार्षिक नवीनीकरण शुल्क लेने, धर्मशाला में पांच किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने, आधुनिक लाइब्रेरी बनाने, 25 नई कुर्सियां खरीदने और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने जैसे फैसले भी लिए गए। समाज का पैसा जमा न करवाने और रसीद बिल बुक जमा न करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित