झुंझुनू , जुलाई 08 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के पीपल का बास गांव के अग्निवीर आर्यन झाझड़िया (22) का बुधवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर पांच जुलाई को ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में उनका निधन हो गया था। बुधवार पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे उनकी पार्थिव देह दिल्ली से सड़क मार्ग से मंडावा लायी गयी। जहां अंबेडकर पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखी गयी। उन्हे श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोग पहुंचे, जिसके बाद पैतृक गांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गयी।

घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। इकलौते पुत्र के अंतिम दर्शन कर मां सरोज देवी बेसुध हो गयीं, जबकि बड़ी बहन पूनम का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों के अनुसार आर्यन चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान स्विमिंग पूल में नहाते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में डूब गये और उनकी मौत हो गयी। आर्यन करीब ढाई साल से अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे थे। उनकी पहली पोस्टिंग वर्ष 2024 में कर्नाटक के बेलगाम में हुई थी। करीब दो महीने पहले ही उनका स्थानांतरणर चेन्नई हुआ था। करीब दो महीने पहले ही वह छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव पीपल का बास आये थे और परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस चेन्नई लौट गये थे।

वायुसेना के अधिकारियों ने पिता भागीरथ को तिरंगा सौंपा और नम आंखों के बीच सैन्य सलामी के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गयी। चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। अग्निवीर आर्यन झाझड़िया के अंतिम संस्कार में विधायक रीटा चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, प्यारेलाल ढूकिया, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित