नई दिल्ली , सितंबर 28 -- भारतीय नौसेना का नेतृत्व शीर्ष कमांडरों के मंगलवार से यहां शुरू होने वाले तीन दिन के सम्मेलन में सैन्य तैयारियों और समुद्री हितों की सुरक्षा की समीक्षा करेगा।
सम्मेलन में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा में नौसेना की भूमिका पर भी जोर दिया जाएगा।
नौसेना ने सोमवार को यहां बताया कि सम्मेलन में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, संचालन और क्षेत्रीय कमांडर हिस्सा लेंगे। शीर्ष कमांडर सैन्य-रणनीतिक स्तर पर अभियान की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करेंगे और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सम्मेलन के पहले दिन नौसेना के वरिष्ठ कमांडरों को राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और नौसेना से अपेक्षाओं के बारे में संबोधित करेंगे। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन एस राजा सुब्रमणि और सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ भी नौसेना के कमांडरों के साथ चर्चा करेंगे। इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और एकीकरण को मजबूत करना है।
सम्मेलन के दूसरे और तीसरे दिन नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन अन्य कमांडरों के साथ साजो-सामान, रसद, मानव संसाधन और प्रशिक्षण जैसे अहम क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बिग डेटा एनालाइसिस, स्वायत्त और बिना चालक वाले सिस्टम तथा साइबर ऑपरेशन जैसी नई तकनीकों को शामिल करने और आधुनिक युद्धक तकनीकों को तेजी से अपनाने पर भी चर्चा होगी।
नौसेना का शीर्ष नेतृत्व अपनी समूची तैयारियों का आकलन करते हुए बल की क्षमता और युद्धक तैयारी बेहतर करने पर भी विचार करेगा। इसमें संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार को आधार बनाया जाएगा। यह समीक्षा सरकार के आत्मनिर्भरता और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप होगी।
नौसेना ने कहा है कि वह लगातार उच्च स्तर पर अभियान जारी रखते हुए युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित