चंडीगढ़ , जून 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सोमवार को नयी दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में फ्लिपकार्ट ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कल्याण कृष्णमूर्ति और चीफ कॉर्पोरेट अफेयर्स ऑफिसर रजनीश कुमार ने मुलाकात की। बैठक में राज्य और फ्लिपकार्ट के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने किसानों और एमएसएमई के लिए बाजार तक पहुंच बढ़ाने, कृषि वैल्यू चेन को मजबूत करने, उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा समावेशी आर्थिक विकास के लिए तकनीक के बेहतर उपयोग पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में हॉर्टिकल्चर और फ्रेश प्रोड्यूस सोर्सिंग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। उद्देश्य यह है कि हरियाणा के अधिक से अधिक किसान और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) तकनीक आधारित आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से बड़े बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकें।
फ्लिपकार्ट ग्रुप ने हरियाणा के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह राज्य सरकार के सहयोग से किसानों, उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों के लिए नये अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित