चंडीगढ़ , अक्टूबर 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार से छह अक्टूबर तक तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। दौरे का उद्देश्य हरियाणा और सिंगापुर के बीच निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और कौशल विकास के नए अवसर तलाशना है। यह दौरा अगले वर्ष प्रस्तावित हैपनिंग हरियाणा के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, अत्याधुनिक विनिर्माण, एग्रो एवं खाद्य प्रसंस्करण, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), विमानन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। इस दौरान विभिन्न उद्योग समूहों, निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ राउंड टेबल बैठकें होंगी।
श्री सैनी सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में विनिर्माण इकाइयां, अनुसंधान एवं विकास केंद्र, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाएं स्थापित करने के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण और हाईटेक उद्योगों में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर विशेष जोर रहेगा।
एग्रो एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आधुनिक फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड-चेन, वैल्यू एडिशन और निर्यात की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। विमानन, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई-चेन प्रबंधन में सिंगापुर की विशेषज्ञता का लाभ लेने के लिए साझेदारी के विकल्प तलाशे जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित