कुरुक्षेत्र , मई 05 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और गौ-सेवा तथा गौशाला संचालकों को चारा सब्सिडी के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गौशाला पहुंचकर गौ-सेवा कर गौमाता का आशीर्वाद लिया और गौ संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।
श्री सैनी ने कहा कि सरकार गौ संरक्षण और गौशालाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। चारा सब्सिडी के माध्यम से गौशालाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है ताकि गौवंश के बेहतर रखरखाव और देखभाल सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने गौशाला संचालकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा समाज सेवा का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने आमजन से भी गौ संरक्षण में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित