चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी जिले के सिवानी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव कार्यक्रम के दौरान लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गुरेरा, किकराल, नालोई, देवसर, धानी रामजस, धानी किशनलाल और धानी मिट्ठी गांवों में 3.28 करोड़ रुपये की लागत से जगमग योजना लागू करने की घोषणा की। लोहारू में 6.85 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र तथा सिवानी के राजकीय महाविद्यालय में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंढोली डिस्ट्रीब्यूटरी, शहरयारपुर और खरकड़ी माइनर के पुनर्निर्माण पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं कासनी, झांझड़ा, बेहल, पातवान, सौरा और बड़दू चैना माइनर की रिमॉडलिंग पर 8.06 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मुख्यमंत्री ने सिवानी में ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों के लिए चिकित्सा जांच सुविधा शुरू करने, किकराल रोड हाईवे बाईपास पर ओवरब्रिज निर्माण तथा सिवानी सिविल अस्पताल में 4 करोड़ रुपये की लागत से पोस्टमार्टम सुविधा स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा बेहल में 12.22 करोड़ रुपये की लागत से नया बस स्टैंड और सिवानी नगर समिति के लिए नया भवन बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 391.25 किलोमीटर लंबी 120 सड़कों तथा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अंतर्गत 141.68 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही 25 किलोमीटर कृषि मार्गों को पक्का किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहल को उपमंडल का दर्जा देने और सिवानी को हिसार जिले में शामिल करने की मांगों पर भी भविष्य में उचित विचार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित