चंडीगढ़ , मई 14 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से केवल आवश्यक वाहनों को ही काफिले में शामिल किया गया है।
श्री सैनी ने यह भी संकल्प लिया है कि वह सप्ताह में एक दिन बिना किसी वाहन का इस्तेमाल किये कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रीगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी यात्रा के दौरान सीमित वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करेंगे, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक ईंधन बचत अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों की भी बचत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित