चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर में राज्य के विभिन्न बोर्डों और निगमों के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नयी जिम्मेदारियों के लिए बधाईदी और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड और निगम सरकार तथा जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है तथा सभी बोर्ड और निगम इसी भावना के साथ कार्य करें।

श्री सैनी ने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी नीतियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में सक्रिय भूमिका निभायें।

बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी भरत भूषण भारती, विशेष अधिकारी (शिकायत निवारण) सतीश पूनिया, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल तथा विभिन्न बोर्डों और निगमों के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित