चंडीगढ़ , मई 08 -- हरियाणा में पंचकूला नगर निगम चुनाव में वार्ड-12 से निर्दलीय चुनाव लड़ रही पूर्व पार्षद ओमवती पूनिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी राकेश जगोता को समर्थन देने की घोषणा की।

शुक्रवार को श्री सैनी और श्री बड़ौली ओमवती पूनिया के निवास पहुंचे। इस दौरान श्री बड़ौली ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया।

ओमवती पूनिया ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का अपने समर्थकों के साथ स्वागत करते हुए भाजपा प्रत्याशी राकेश जगोता को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए कार्य करेंगी।

इस दौरान ओमवती पूनिया ने श्री सैनी को राखी बांधते हुए इसे विश्वास का धागा बताया और कहा कि वह कभी भी पार्टी छोड़कर नहीं जाएंगी।

श्री सैनी ने कहा कि भाजपा परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम चुनाव में पंचकूला की जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए ट्रिपल इंजन सरकार बनाएगी।

श्री बड़ौली ने कहा कि पंचकूला में माहौल भाजपा के पक्ष में है और हर वार्ड में कमल खिलाने को लेकर लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि जनता मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर विकास कार्यों को और गति देगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सहप्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, सुखबीर पूनिया सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित