देहरादून , मार्च 31 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह हुए गोलीकांड में मारे गए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी के मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने आक्रोश व्यक्त किया है।
पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी मंगलवार को देहरादून पहुंचे, और राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दिवगंत ब्रिगेडियर जोशी की मौत के मामले में राज्य सरकार को चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि इस सरकार में पूर्व सैनिको और उनके परिवार की सुरक्षा के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कर्नल चौधरी ने कहा जिस तरह से एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर को सुबह घूमने के दोरान गोली मारी जा रही है, यह प्रदेश की कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात को जाहिर करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सब कुछ देखकर मूकदर्शक बनी है। सरकार ने अगर अभी भी इस मामले के बाद कड़े कदम नहीं उठाये और कानून व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया, तथा सैनिक परिवारों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम नहीं उठाये तो कांग्रेस का पूर्व सैनिक विभाग आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
पार्टी प्रदेश मुख्यालय में कुछ देर रुकने के बाद कर्नल चौधरी पूर्व सैनिकों के साथ जोहड़ी गांव ब्रिगेडियर जोशी के घर पहुंचे, जहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित