अलवर , मई 23 -- राजस्थान में अलवर की जय पलटन सैनिक छावनी के मुख्य द्वार के पास शनिवार को एक संदिग्ध सूटकेस मिलने से सनसनी फैल गई।
सैन्य क्षेत्र के बाहर लावारिस हालत में सूटकेस दिखाई देने के बाद तुरंत पुलिस और सेना को सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इसी छावनी के सामने एक आवासीय कॉलोनी है जहां लगातार लोगों की आवाजाही रहती है। सेना के जवान भी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहते हैं।
मौके पर पुलिस अधिकारी, जिला विशेष दल (डीएसटी) और सेना के जवान पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए छावनी क्षेत्र के आसपास बेरिकेडिंग करके आवाजाही रोक दी गई। पुलिस ने पहले सूटकेस को दूर से जांचा और अच्छी तरह हिलाडुला कर देखा।
मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा ने बताया कि सूटकेस को सुरक्षित तरीके से खोलकर जांच की गई, लेकिन उसमें कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। उन्होंने कहा कि फिलहाल राहत की बात यह रही कि सूटकेस खाली निकला, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।
इससे पहले पुलिस कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से सूटकेस की जांच की। इस दौरान उसके अंदर कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद एक रस्से की मदद से सूटकेस को बांधकर जब उठाया तो वो अंदर से खाली प्रतीत हुआ। इस पर पुलिस कर्मियों ने सूटकेस को खोलकर देखा। तो वह पूरी तरह से खाली निकला। पुलिस ने सूटकेस को जब्त कर लिया है। उसके बाद सड़क मार्ग को खोल दिया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस वहां कौन रखकर गया और उसका उद्देश्य क्या था। आशंका है कि यह किसी व्यक्ति द्वारा फेंका गया बेकार सूटकेस हो सकता है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले भी अलवर की सैनिक छावनियों के पास संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया था। उस दौरान दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया था कि सैन्य क्षेत्र के आसपास सौर ऊर्जा से चलने वाले लाइव कैमरे लगाए गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में अलवर छावनी क्षेत्र की रेकी किए जाने की बात कबूली थी। ऐसे में ताजा घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित