भरतपुर , मई 05 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में मंगलवार को उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ सीमेंट फैक्ट्री कॉलोनी के मकानों में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के हजारों मजदूरों ने प्रदर्शन करके उपखण्डाधिकारी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस बीच प्रदर्शनकारी मजदूरों को कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने मोबाइल फोन पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपकी इस सच्चाई और हक की लड़ाई में हम आपके साथ हैं। किसी भी मजदूर को परेशान होने की जरूरत नहीं है।जल्द ही इस मामले में उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि ये मकान आपके थे और आपके ही रहेंगे। इसके पूरे सबूत और प्रमाण हमारे पास हैं।
उल्लेखनीय है कि साहू नगर स्थित सीमेंट फैक्ट्री कॉलोनी में रहने वाले श्रमिकों के सैकड़ों परिवार पिछले पचास वर्षों से इन मकानों में रहकर इनकी देखभाल और मरम्मत करवा रहे हैं। इन सभी लोगों के पास सभी वैध पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज हैं। साथ ही राज्य सरकार का आवंटन पत्र है, जिसमें ये मकान वर्ष 2007 में ही उनके नाम कर दिए गए थे। आंदोलनकारी श्रमिकों का आरोप है की सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन ने उच्चतम न्यायालय को गुमराह करके मजदूर यूनियन की मदद से गलत तथ्य पेश करते हुए स्टे ले लिया जिसके बाद श्रमिकों को सुनवाई में शामिल तक नहीं किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित