बैतूल , सितंबर 30 -- किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को बैतूल जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के किसान न्याय आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ निकली जनआक्रोश रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने घेराव कर 14 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने 30 सितंबर को आंदोलन और कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा पहले ही की थी।
आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके पुतले का विरोध किया। बस स्टैंड पर पुतला दहन के बाद लल्ली चौक पर उसे प्रतीकात्मक रूप से फांसी दी गई।
पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में आंदोलन की शुरुआत गंज क्षेत्र स्थित वृंदावन गार्डन में आमसभा से हुई। कांग्रेस के अनुसार, आमसभा में राजनीतिक नेताओं के बजाय किसानों को मंच पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर दिया गया। किसानों ने फसल के उचित दाम नहीं मिलने, खाद की उपलब्धता, बिजली, फसल बीमा और वन अधिकार से जुड़े मुद्दे उठाए। इसके बाद रैली बाबू चौक, मस्जिद चौक, दिलबहार चौक, टांगा स्टैंड, गंज, कोठी बाजार और बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।
ज्ञापन में मक्के का समर्थन मूल्य तीन हजार रुपये, धान का 3,500 रुपये, गन्ने का 700 रुपये और सोयाबीन का सात हजार रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित कर खरीदी की गारंटी देने की मांग की गई। फसल बीमा की राशि खसरा-वार किसानों को देने तथा बंदर और जंगली सुअरों से फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग भी रखी गई।
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, पुराने मीटर हटाने, खाद की कीमतें कम करने, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और ग्राम पंचायत स्तर पर सोसायटियों के माध्यम से खाद वितरण की मांग की। सिंचाई के लिए दिन में लगातार 14 घंटे बिजली, दूध का भाव 60 रुपये प्रति लीटर तथा रबी फसल से पहले नहरों की टेल प्वाइंट तक मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
वनग्रामों के सर्वे के बाद भूखंड पट्टे देने, बडोरी के काबिज आदिवासियों को बेदखली से रोकने, मेंढा डैम के डूब क्षेत्र के डोलियामहू गांव का विस्थापन, घोघरी डैम का परीक्षण और सारनी के 660 मेगावाट बिजली संयंत्र में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी, डॉ. पीआर बोड़खे, धरमू सिंह सिरसाम, प्रदेश सचिव समीर खान सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, किसान नेता और बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने आंदोलन से पहले 26 से 29 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित