अलवर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र में सैंथली गांव में पंचायत समिति सदस्य के चुनाव को लेकर आमजन से रायशुमारी करने पहुंचे सरपंच के बेटे सहित सात लोगों पर कथित रूप से 24 से ज्यादा ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

पीडि़त पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों से मारपीट करने के साथ दो कारों के शीशे भी तोड़ दिये। इस हमले में सैंथली ग्राम पंचायत के सरपंच जोहरमल के बेटे इमरान को अंदरूनी चोटें आयी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के वीडियो अब सामने आये हैं, जिनमें लोगों की भीड़ और मारपीट की स्थिति दिखायी दे रही है।

इमरान की ओर से सोमवार को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया गया कि 26 सितम्बर की शाम करीब सात बजे वह चिरखाना से इमरान, इकबाल, साहमत, अजमत, मुबारिक, शरीफ सहित अन्य लोगों के साथ दो कारों में सैंथली गांव पहुंचा था। पंचायत समिति सदस्य के चुनाव को लेकर अनुसूचित समाज सहित आमजन से बातचीत की जा रही थी। इमरान का आरोप है कि बातचीत के दौरान वहीद, फरीद, शरीफ, रुजदार, तालीम खां, शुभ्भा खां सहित 24 से ज्यादा लोग वहां पहुंचे और उन पर लाठियों से हमला कर दिया। आरोप है कि कुछ लोगों के पास हथियार भी थे। हमलावरों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि गांव में उनकी अनुमति के बिना कोई नहीं आ सकता और वोट मांगने के लिए भी पहले उनसे पूछना पड़ेगा। हमले के दौरान दोनों कारों के शीशे तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमले में चंदबास और सैंथली के आसपास के कई युवक शामिल थे।

इस मामले में सामने आये वीडियो और दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित