नयी दिल्ली , जून 27 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन दिन की यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंच गये जहां राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने खुद हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

बाद में भारतीय समुदाय के लोगों ने भी श्री मोदी का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने लिखा," सेशेल्स पहुँचा। हवाई अड्डे पर डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए हार्दिक आभार।" सेशेल्स को हिन्द महासागर में बहुमूल्य समुद्री साझेदार बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा ," सेशेल्स हिन्द महासागर में एक मूल्यवान समुद्री साझेदार और घनिष्ठ मित्र है। इस यात्रा के दौरान हमारे लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा हमारे देशों के लोगों के हित में सहयोग को और बढ़ाने के उद्देश्य से सार्थक चर्चा की अपेक्षा है।"श्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में भारतीय समुदाय द्वारा उनके स्वागत की फोटो साझा करते हुए कहा कि वह भारतीय समुदाय के लोगों के इस स्नेह से अभिभूत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित