नयी दिल्ली , जून 28 -- भारतीय सेना का मार्चिंग दस्ता रविवार को सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेगा।

यह समारोह सेशेल्स की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। समय के साथ ये संबंध रक्षा सहयोग, विकास, संस्कृति और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक मजबूत सामरिक साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं।

सेना के इस दल में असम रेजिमेंट के 32 सैनिक शामिल हैं, जिनका नेतृत्व कैप्टेन आर्यन एच. देओलेकर कर रहे हैं। भारतीय नौसेना का एक मार्चिंग दल, सैन्य बैंड के साथ, भी इस समारोह में भाग ले रहा है, जो दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और स्थायी रक्षा साझेदारी को दर्शाता है।

मित्र देशों के राष्ट्रीय समारोहों में भारतीय सशस्त्र बलों के दलों की भागीदारी आपसी विश्वास, सैन्य सौहार्द और द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन रक्षा सहयोग को और मजबूत करते हैं तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने में भारत की एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में भूमिका को रेखांकित करते हैं।

भारतीय सशस्त्र बलों के दल इससे पहले भी अनेक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय औपचारिक आयोजनों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें 2023 में फ्रांस की 237वीं बैस्टील दिवस परेड, 2021 में बांग्लादेश की विजय दिवस परेड तथा 2015 और 2020 में रूस की विजय दिवस परेड शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित