चंडीगढ़ , सितंबर 24 -- हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के 23 जिलों में सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।

बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार इन कैंपों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कैंपों में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज, बैंक ऋण, सब्सिडी और बिजली कनेक्शन संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इच्छुक उपभोक्ताओं को मौके पर ही योजना से जुड़ी प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया जाए, ताकि पात्र परिवार आसानी से योजना का लाभ उठा सकें।

सेवा सेतु कैलेंडर के अनुसार अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हांसी, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर में कैंप लगाए जाएंगे। नगर निकायों, ब्लॉक मुख्यालयों और गांवों में अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।

इन कैंपों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन मिलेगा। बिजली निगमों द्वारा रूफटॉप सोलर के लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ आवेदन से लेकर संयंत्र स्थापना और बिजली कनेक्शन तक की प्रक्रिया समझाई जाएगी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित