भिवानी , सितंबर 24 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को समर्पित रहे हैं। युवाओं को उनके सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

यह बात सेवा-संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य डॉ. मंजीत सिंह ने वैश्य महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।

कार्यक्रम का आयोजन उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा एवं वैश्य महाविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ 'रंग-वीथिका' की ओर से किया गया। डॉ. मंजीत सिंह ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ना चाहिए, तभी विकसित भारत-2047 का सपना पूरा हो सकता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की आठ टीमों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका पूर्व प्राचार्य डॉ. बुद्धदेव आर्य और डॉ. यशपाल महता ने निभाई।

सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. हरिकेश पंघाल ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व छात्र यश केजरीवाल के निर्देशन में 'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो' विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें युवा कलाकार भाव्यांश, कशिश, खुशी, संगीता, हर्षिता, राहुल, रोहन, अंकित, मोक्ष और मयंक यादव ने प्रस्तुति दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित