पौड़ी , अक्टूबर, 16 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड खिर्सू के राजकीय इंटर कॉलेज कठुली में शुक्रवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 70 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

खंड विकास अधिकारी रोशन लाल ने कहा कि ऐसे शिविरों के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इससे लोगों को विभिन्न विभागीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलती है।

शिविर में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान और वन विभाग से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गयी।

इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज कठुली के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद आर्य, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मेंदोली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुंदन सिंह पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित