बारां , सितंबर 27 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा' का रविवार को मध्य प्रदेश की सीमा से सटे राजस्थान के बारां जिले में भव्य प्रवेश हुआ।

यात्रा का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जनजातीय परंपराओं के अनुरूप तीर-कमान भेंट करके सेवा यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान स्वांग नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिये।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने बताया कि बारां जिले में यात्रा का तक चार दिवसीय प्रवास रहेगा। इस दौरान वृक्षारोपण, श्रमदान, सेवा संवाद, शौर्य सम्मान, किसान एवं युवा संवाद, लाभार्थियों से संवाद और खेल गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनसहभागिता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। जिले में यात्रा के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ललित मीणा ने बताया कि यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां होंगी।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे शिवेंद्र सिंह शिवाजी ने कहा कि बारां में जनजातीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला है।

यात्रा संयोजक मुकेश केरवालिया ने बताया कि जिले में यात्रा का निर्धारित मार्ग शाहाबाद, समरानियां, भंवरगढ़, केलवाड़ा, किशनगंज, बारां और अंता रहेगा। यात्रा के दौरान सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित