उज्जैन , सितंबर 30 -- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को उज्जैन जिले में पहुंची। यात्रा ने ग्राम कनासिया से जिले में प्रवेश किया, जहां यूनिवर्सल स्कूल में छात्र संवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार दोपहर बाद यात्रा उज्जैन नगर पहुंची। यहां विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा विश्वविद्यालय के सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े और सेवा यात्रियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने तथा उनके द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सेवा यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों से नागरिकों को जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आए सेवा यात्री आपस में खान-पान और संस्कृति का आदान-प्रदान करें तथा सद्भावना के साथ यात्रा को आगे बढ़ाएं। इस दौरान सेवा यात्रियों ने विक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित तालाब की साफ-सफाई भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित