शिवहर , अक्टूबर 26 -- बिहार में शिवहर की जिला पदाधिकारी (डीएम)प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के साथ अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों तथा लंबित तकनीकी स्वीकृतियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक (लेखा), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, नगर प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निदेश दिया कि अभियान के अंतर्गत तकनीकी स्वीकृति हेतु लंबित कार्यों की अगले 02 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत तकनीकी स्वीकृति, निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों का पालन करते हुए सुनिश्चित करें lअंचल अधिकारियों, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने का निदेश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि अभियान की प्रगति के लिए विभागों एवं तकनीकी पदाधिकारियों के बीच नियमित समन्वय आवश्यक है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मरम्मत, जीर्णोद्धार एवं अन्य कायाकल्प कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यशैली में अपेक्षित सुधार लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के कार्यान्वयन में लापरवाही, शिथिलता एवं अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति में सुधार लाकर उन्हें अधिक उपयोगी, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाना है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और धरातल पर स्पष्ट प्रगति सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित