लखनऊ , सितंबर 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रदेश में एक माह तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। अभियान के तहत भाजपा गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी।

इस संबंध में शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'सेवा दिवस' एक माह तक चलेगा और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ गवर्नमेंट के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।

योगी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने जो कार्य किए हैं, वे ऐतिहासिक हैं। उन्होंने जिस भी क्षेत्र में काम किया, वहां अभूतपूर्व सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। गुजरात में मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यों की लंबी श्रृंखला है और गुजरात आधुनिक तकनीक तथा विकास के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में उभरा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने देश को नया विजन दिया और भारत की पिछलग्गू देश की छवि से बाहर निकालने का काम किया। दुनिया के कई देशों ने प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की विरासत से विकास तक की यात्रा को नई दिशा दी है।

योगी ने कहा कि विपक्ष ने लंबे समय तक भारत की विरासत का अपमान करने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के विजन के साथ देश को आगे बढ़ाया। काशी विश्वनाथ धाम के विकास से लेकर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण तक भारत ने एक नई यात्रा तय की है।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन की भावना के तहत 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सुशासन के 25 वर्ष सात सितंबर को पूरे हुए हैं। इस दौरान देश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है और देश में चिप से लेकर शिप तक के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। प्रधानमंत्री के सुशासन में गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे और जनता से संवाद करेंगे। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उनके अनुभव और सुझाव भी लिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित