बैतूल , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और संकल्प की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

श्री खंडेलवाल ने बैतूल जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह की मौजूदगी में जिला पदाधिकारियों और सेवा संकल्प अभियान की जिला टोली की बैठक में अभियान के कार्यक्रमों और प्रभारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भाजपा युवा मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक शासकीय और अशासकीय स्कूल में राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं 'सेवा स्मरण' कार्यक्रम के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा ने प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का गौरवपूर्ण पड़ाव पूरा किया है। उनके जीवन में राष्ट्रहित और जनकल्याण सर्वोपरि रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इस यात्रा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसे कार्य हुए हैं, जिन्हें हर घर तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का संकल्प होना चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि पूरी टोली तैयारी के साथ बूथ स्तर तक पहुंचेगी। बैठक का संचालन जिला संयोजक कमलेश सिंह ने किया। इस दौरान विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, महेंद्र सिंह चौहान, गंगा उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार सहित जिला पदाधिकारी और अभियान टोली के सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित