टिहरी , सितंबर, 17 -- । सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को उत्तराखंड में जनपद मुख्यालय टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों और आमजन ने सड़क, आवास योजना में पात्र लोगों को चिन्हित करने, सफाई निरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची जारी करने तथा भूस्खलन से हुई क्षति सहित विभिन्न समस्याएं प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। गणेश जोशी ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक पहुंच रही है। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के सैनिक देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने टिहरी के देश और प्रदेश के लिए बिजली एवं पानी के योगदान का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने निरीक्षण किया। आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर पंजीकरण एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण और रक्तदान शिविर लगाया गया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन आवेदन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र और सहायक उपकरण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराईं, जबकि राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रमाण-पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड एवं यूसीसी पंजीकरण की सुविधा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित