पौड़ी , सितंबर 20 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' की भावना के अनुरूप चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विद्यालय के 412 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों को स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में बच्चों की नेत्र जांच भी की गई। जांच के दौरान 23 बच्चों में दृष्टि दोष पाया गया। इन बच्चों को अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को नियमित नेत्र जांच कराने और आंखों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की जानकारी भी दी।
शिविर में डॉ. कंचन रावत ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक आहार और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने और पौष्टिक भोजन लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बचपन से स्वस्थ आदतें अपनाने से बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास में मदद मिलती है। विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार में भी सहायता मिलती है।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता बिष्ट, दृष्टि मितिज्ञ नृपेश तिवारी, डॉ. सुमित, फार्मासिस्ट निखिलेश और एएनएम रश्मि सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित