हाजीपुर , सितम्बर 24 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन एवं सतत अनुश्रवण में जिले में "सेवा संकल्प अभियान" को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नल-जल योजनाओं से संबंधित जलमीनार एवं जल टंकियों की सफाई के साथ-साथ उनकी प्रगति की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जा रही है।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए 23 सितम्बर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, वैशाली (हाजीपुर) डिवीजन ने 1,011 जल टंकियों की प्रविष्टि के साथ पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले के लिए कुल 3,544 जल टंकियों की प्रविष्टि का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 1,011 टंकियों की प्रविष्टि की जा चुकी है। यह लक्ष्य का लगभग 28 प्रतिशत है।

जल टंकियों की नियमित सफाई केवल एक प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षित पेयजल से सीधे जुड़ा जनहित का कार्य है। स्वच्छ जल की उपलब्धता से परिवारों को सुरक्षित पेयजल मिलता है तथा जल की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील वर्गों के स्वास्थ्य की दृष्टि से स्वच्छ पेयजल का विशेष महत्व है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित