हरदा , सितंबर 19 -- भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को यहां 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान की गतिविधियों को बूथ एवं मंडल स्तर तक पहुंचाकर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
श्री जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सक्रियता से सफल बनाने और सेवा कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 17 सितंबर की शाम मध्यप्रदेश में तीन करोड़ 55 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उज्जैन में महाकाल लोक एवं मां शिप्रा के तट पर 33.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिसे वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। प्रदेश के 118 प्रमुख स्थानों सहित करीब 650 अन्य स्थानों पर भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
श्री जामवाल ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश में 292 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और 25 हजार से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत 2047' विषय पर प्रदेश के 50 हजार से अधिक विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' अभियान के तहत सात अक्टूबर तक 11 हजार स्थानों पर स्थानीय कलाकारों द्वारा स्थानीय भाषाओं में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित