चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' की जिलावार कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्तों और जिला प्रशासन को अभियान को लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ जन आंदोलन का रूप देने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत प्रदेश के सभी 23 जिलों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं, जनसेवा, सामाजिक भागीदारी और विकास कार्यों को एक साझा मंच पर लाना है। रस्तोगी ने कहा कि अभियान की सफलता केवल कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि लोगों की भागीदारी और जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले बदलाव से तय होनी चाहिए।
उन्होंने जिलों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रशासनिक सचिवों को विभागों को सौंपे कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित