रायपुर , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को नगरीय निकायों को 17 सितंबर से शुरू हो रहे 'सेवा संकल्प अभियान' को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन से वर्चुअल बैठक के माध्यम से प्रदेश के नगर निगमों के महापौरों एवं आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय समन्वय, जनभागीदारी, प्रचार-प्रसार और गतिविधियों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाए और विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाए। समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाए।

श्री साव ने अभियान की गतिविधियों के प्रभावी दस्तावेजीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आयोजन की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जाए। विशेष रूप से 'सेवा की कहानी' के तहत लाभार्थियों की प्रेरक कहानियों तथा योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जाए।

अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दीया', '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत', 'नमो सेवा गाथा', 'आंगन का उत्सव', 'सेवा की कहानी', 'विकसित भारत संकल्प यात्रा', 'सेवा ज्योति यात्रा', 'सेवा-मेरा योगदान', 'सेवा सेतु अभियान', 'रंगोली राष्ट्र' और 'राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज' जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित 'जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट' के साथ होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित