चंडीगढ़ , सितंबर 04 -- हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' को सुचारू और प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

श्री ढांडा ने बताया कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय के राज्य एनसीसी/एनएसएस अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह प्रदेशभर में अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करने के साथ उच्च अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

प्रदेश के सभी जिलों में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को संबंधित जिलों का जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 'सेवा संकल्प अभियान' का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में समाज सेवा, समर्पण तथा नैतिक मूल्यों की भावना को मजबूत करना है। उच्चतर शिक्षा विभाग के माध्यम से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़कर जनहित के कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने नवनियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्परता से कार्य करने और अभियान की सभी गतिविधियों का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार का लक्ष्य अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित