भोपाल , सितंबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनसेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की समयावधि और प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी भाजपा की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर भी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को प्रदेशभर में 'सेवा पर्व' के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन शाम सात बजे उज्जैन के शिप्रा नदी स्थित रामघाट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेतृत्व 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी बूथों पर लाभार्थियों के घरों में भी 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित करेंगे।
श्री खण्डेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच स्कूलों में 'विकसित भारत' विषय पर चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' कार्यक्रम के तहत संगीतमय नाटकों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं योजनाओं को गांव-गांव, स्कूल, कॉलेज और चौपालों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों में 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियां साझा की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सात से 17 अक्टूबर तक भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रत्येक जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल और मोटरसाइकिल रैलियां निकाली जाएंगी। गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर 250 मोटरसाइकिलों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ के लिए 10 अलग-अलग समूहों में रवाना होंगे। इसी तरह वाराणसी से इतने ही यात्री 10 अलग-अलग समूहों में वडनगर के लिए रवाना होंगे। इन 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी।
श्री खण्डेलवाल ने बताया कि 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ता और आमजन 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करेंगे। 'सेवा सेतु शिविर' लगाकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। 'सेवा के रंग राष्ट्र के संग' कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिता होगी। राष्ट्रीय स्तर पर 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' तथा 'सुशासन, सेवा, संवाद' कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को 'सेवा सुशासन संवाद' का देशव्यापी कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्राम पंचायत के पंच और सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सहभागिता करेंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित