पटना , सितंबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को पटना के गोलघर स्थित कन्या मध्य विद्यालय, गोलघर पार्क में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित 'मेरे सपनों का भारत : सेवा चित्र' कार्यक्रम में बच्चों से मुलाकात की और उनकी बनाई तस्वीरों को देखा।श्री सरावगी ने इस दौरान बच्चों की रचनात्मकता और भारत के भविष्य को लेकर उनके सपनों की सराहना की।
इस अवसर पर बच्चों ने कागज पर रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। किसी बच्चे ने विकसित भारत की कल्पना को चित्र के रूप में प्रस्तुत किया तो किसी ने आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के सपने को रंगों से सजाया।
बच्चों की तस्वीरों को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि इन नन्हे हाथों में देश के भविष्य की बड़ी उम्मीदें दिखाई देती हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि बच्चों द्वारा बनाई गई तस्वीरें केवल रंगों और आकृतियों का मेल नहीं हैं, बल्कि इनमें भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने को लेकर उनकी सोच, उम्मीद और विश्वास भी दिखाई देता है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश के बच्चों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज के बच्चे ही आने वाले भारत का नेतृत्व करेंगे और उनके सपनों में देश के भविष्य की दिशा दिखाई देती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित