चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज और आमजन के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

मंत्री का शनिवार को रोहतक के सिंचाई विश्राम गृह में सफाई कर्मचारियों और युवाओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे मनोयोग से स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जन-अभियान बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य भी स्वच्छ एवं स्वस्थ हरियाणा बनाना है। उन्होंने रोहतक के नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, 'एक पेड़ मां के नाम', रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित